डुमरी में प्रेमी युगल की पुलिस और परिवार की सहमति से हुई शादी
गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक मामला पुलिस और दोनों परिवारों की समझदारी से शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया। युवक और युवती के घर छोड़कर बनारस चले जाने से परिजनों में चिंता का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस की सक्रियता और परिवारों की सहमति से अंततः दोनों की शादी शिव मंदिर में करा दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार डुमरी निवासी विशाल कुमार शर्मा ने डुमरी थाना पहुंचकर अपनी बहन के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि उनकी बेटी किसी युवक के साथ घर छोड़कर चली गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और युवक-युवती की तलाश में पुलिस टीम को लगाया।
जांच के दौरान पता चला कि युवती अपने प्रेमी प्रकाश कुमार महतो, पिता खुबलाल महतो, निवासी चैनपुर, डुमरी के साथ बनारस चली गई थी। बताया जाता है कि दोनों पिछले चार दिनों से घर से फरार थे। पुलिस द्वारा लगातार संपर्क और समझाइश के बाद दोनों को बनारस से वापस डुमरी बुलाया गया।
डुमरी थाना पहुंचने पर युवक और युवती ने पुलिस के समक्ष बताया कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और अपनी मर्जी से घर छोड़कर गए थे। दोनों ने साथ रहने और शादी करने की इच्छा जतायी। इसके बाद थाना परिसर में दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया गया, जहां काफी देर तक बातचीत चली। अंततः दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए।
परिवारों की सहमति मिलने के बाद डुमरी के समीप स्थित एक शिव मंदिर में प्रकाश कुमार महतो और गुंजा विश्वकर्मा, निवासी बढ़ीटोला, डुमरी की विधि-विधान से शादी कराई गई। शादी के दौरान दोनों परिवारों के लोग और स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। विवाह के बाद नवदंपती ने बड़ों का आशीर्वाद लिया और दोनों को उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा था। युवक और युवती बालिग हैं तथा दोनों परिवारों की सहमति से मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया। पुलिस की पहल से एक संभावित विवाद टल गया और दोनों परिवारों के बीच आपसी सहमति बन सकी।

