दिव्यांगों के सपनों को मिले नए पंख: मंत्री सुदीव्य कुमार और डीसी रामनिवास यादव ने 35 लाभुकों को सौंपीं बैटरी चालित ट्राई साइकिलें

दिव्यांगों के सपनों को मिले नए पंख: मंत्री सुदीव्य कुमार और डीसी रामनिवास यादव ने 35 लाभुकों को सौंपीं बैटरी चालित ट्राई साइकिलें

गिरिडीह, 30 जुलाई। समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मानजनक जीवन और समान अवसर उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए समाज कल्याण विभाग, गिरिडीह द्वारा गुरुवार को नगर भवन में दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। योजना विभाग के अनटाइड फंड से जिले के करीब 35 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिलें प्रदान की गईं। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करना तथा उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त करना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदीव्य कुमार और उपायुक्त रामनिवास यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मंत्री ने लाभुकों को बैटरी चालित ट्राई साइकिलें सौंपीं। ट्राई साइकिल प्राप्त करते ही दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलकने लगा। लाभुकों और उनके परिजनों ने राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

अपने संबोधन में मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बैटरी चालित ट्राई साइकिल केवल एक वाहन नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मनिर्भरता और नए अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों तक सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम और सम्मानजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में स्वतंत्रता प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सहभागिता के नए अवसर भी उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि जिले का कोई भी पात्र दिव्यांग सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सांसद प्रतिनिधि (कोडरमा लोकसभा क्षेत्र), उप महापौर, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता-सह-आईएएस प्रशिक्षु, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

You may have missed