श्रावणी पर्व को लेकर नगर निगम अलर्ट: स्वच्छता व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
श्रावणी पर्व को लेकर नगर निगम अलर्ट: स्वच्छता व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
गिरिडीह, 29 जुलाई। आगामी श्रावणी पर्व एवं मेले के सफल, सुरक्षित और स्वच्छ आयोजन को लेकर गिरिडीह नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने नगर निगम कार्यालय में संबंधित अधिकारियों एवं स्वच्छता कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों, मेला क्षेत्र तथा सार्वजनिक स्थानों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी वार्डों में नियमित सफाई, कचरा उठाव, नालियों की सफाई तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से मेला क्षेत्र, मंदिरों के आसपास, मुख्य मार्गों और अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि सभी स्वच्छता कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि श्रावणी पर्व के दौरान नगर निगम की पूरी टीम पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करेगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का निर्देश दिया।
बैठक में मंजूर आलम, गौरी शंकर यादव, स्वच्छता निरीक्षक प्रशांत प्रभाकर, निशांत वर्मा, अशोक हाड़ी, रवि वर्मा, शबीर अंसारी, प्रवीण हाड़ी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

