धुरकी में एसडीपीओ का औचक निरीक्षण, बैंक सुरक्षा और लंबित मामलों की समीक्षा

धुरकी थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर द्वारा थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं पुलिस कार्यों की समीक्षा को लेकर व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सगमा एवं भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, धुरकी का भी निरीक्षण किया गया। बैंक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, अलार्म सिस्टम तथा ग्राहकों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का निर्देश दिया गया।
इसके उपरांत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने धुरकी थाना पहुंचकर वहां उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में थाना में लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने प्रत्येक लंबित मामले की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए अनुसंधान में आ रही बाधाओं पर चर्चा की तथा मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अनुसंधानकर्ता निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें तथा गंभीर मामलों में विशेष प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करें।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्ती अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ बैंक, सार्वजनिक स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाना तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाना रहा। अधिकारियों ने दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने का भरोसा व्यक्त किया।