दीपावली और धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर भी वार्ड 06 में पानी, सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था बदहाल : संजीव कुमार

दीपावली और धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर भी वार्ड 06 में पानी, सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था बदहाल : संजीव कुमार

गिरिडीह। गिरिडीह नगर निगम के वार्ड संख्या 06 में दीपावली एवं धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के अवसर पर भी नगर निगम द्वारा नियमित जलापूर्ति नहीं किए जाने और समुचित साफ-सफाई एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है।

वार्ड की इन मूलभूत समस्याओं से परेशान बड़ी संख्या में स्थानीय महिला एवं पुरुष वार्ड पार्षद संजीव कुमार के आवास पर पहुंचे और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान आशा देवी, सरिता देवी, रानी देवी, पुतुल देवी, रीना देवी, अश्वनी कुमार, अमित सिंह, चंदन कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने कहा कि दीपावली और धनतेरस जैसे पर्व पर भी वार्ड की जनता पानी, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। त्योहार के समय जब घरों और गलियों की साफ-सफाई तथा नियमित जलापूर्ति की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तब नगर निगम की व्यवस्था का इस तरह चरमराना आम नागरिकों की परेशानी को और बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा होल्डिंग टैक्स एवं अन्य करों की वसूली तो नियमित रूप से की जाती है, लेकिन इसके बदले नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बरती जा रही है। आखिर वार्ड की जनता टैक्स किसलिए देती है, जब उसे पीने का पानी, स्वच्छ वातावरण और रोशनी तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है?

संजीव कुमार ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि वार्ड संख्या 06 में तत्काल नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को अविलंब दुरुस्त किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि वार्ड की जनता की समस्याओं को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे। जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी से प्रशासन बच नहीं सकता।
संजीव कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर निगम प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द वार्ड संख्या 06 की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और नियमित जलापूर्ति, साफ-सफाई एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था बहाल नहीं हुई, तो वार्ड की जनता के साथ मिलकर नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी करने को बाध्य होंगे। जनता की बुनियादी सुविधाओं के लिए अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। त्योहारों के समय भी जनता को पानी और सफाई के लिए तरसना पड़े, यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है!