डब्ल्यूसीएसएफ चैरिटीस्पिरिट फाउंडेशन की पहल से कर्रा में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न, 150 किसानों को मिली वैज्ञानिक खेती की जानकारी
खूंटी : जिले के कर्रा प्रखंड अंतर्गत दिगादोन गांव में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की परियोजना के तहत कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उनकी आजीविका, पोषण एवं आय को सशक्त बनाना था।
इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्वी अनुसंधान परिसर, कृषि प्रणाली का पहाड़ी एवं पठारी अनुसंधान केंद्र, प्लांडू, रांची द्वारा किया गया, जबकि डब्ल्यूसीएसएफ चैरिटीस्पिरिट फाउंडेशन, कर्रा, खूंटी ने सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था द्वारा किसानों को कार्यक्रम से जोड़ने, ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने तथा कृषि संबंधी जानकारी पहुंचाने में सक्रिय योगदान दिया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 150 किसानों, महिला समूहों एवं ग्रामीण युवाओं ने भाग लिया। किसानों में आधुनिक खेती, मशरूम उत्पादन, सब्जी खेती एवं सरकारी योजनाओं के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, प्लांडू के वरिष्ठ वैज्ञानिक वीरेंद्र कुमार यादव ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं परियोजना के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने पर कम लागत में अधिक उत्पादन संभव है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही किसानों की समस्याओं का समाधान भी व्यावहारिक तरीके से बताया।
वैज्ञानिक अजीत कुमार झा ने वर्षभर मशरूम उत्पादन की तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मशरूम उत्पादन के आधुनिक तरीके, कम लागत में उत्पादन, विपणन की संभावनाएं तथा स्वरोजगार के अवसरों के बारे में बताया। किसानों ने इसे अतिरिक्त आय का बेहतर माध्यम बताया।
वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं सब्जी विज्ञान विशेषज्ञ डॉक्टर मीनू ने वैज्ञानिक तरीके से सब्जी उत्पादन की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने उन्नत बीज चयन, पोषण प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा सिंचाई प्रबंधन के बारे में किसानों को प्रशिक्षित किया।
डब्ल्यूसीएसएफ चैरिटीस्पिरिट फाउंडेशन के संस्थापक जितेंद्र कुमार वर्मा ने किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों, महिलाओं एवं युवाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में राज्य समन्वयक प्रियंका कुमारी, प्रखंड समन्वयक जेसिंता गुड़िया, पंचायत महिला मित्र सुरेखा देवी, आशा मुंडा, ग्राम सखी जुलियानी तिर्की, फुलमनी टोप्पो, चरिया तिर्की सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में किसानों के बीच उन्नत किस्म के बीजों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम किसानों के बीच वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उपयोगी पहल साबित हुआ।

