धुरकी थाना में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

धुरकी थाना परिसर में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने की। इस बैठक में धुरकी प्रखंड एवं सगमा प्रखंड के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस बैठक का संचालन कर रहे झामुमो प्रखंड अध्यक्ष इसराइल खान ने किया वहीं बारी बारी से दोनों प्रखंड से आए जनप्रतिनिधियों ने बातों को रखा वहीं थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, त्याग और प्रेम का पर्व है। इसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट या गलत संदेश साझा करने से बचें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।उन्होंने कहा कि प्रशासन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है। थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को सहयोग करने का भरोसा दिलाया और लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर प्रमुख अजय साव,विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद यादव, मुखिया महबूबा अंसारी, इंद्रमणि जयसवाल, पुर्व जिला पार्षद सदस्य जानकी सिंह, राम भरोसा राम,सुकलेश राय, गुलाब अंसारी , साबिर अंसारी,एवं काफी संख्या में लोग मौजूद थे।