छतरपुर में डीएसपी का बड़ा एक्शन, 11 होटल-ढाबों पर छापेमारी में 30 बोतल अवैध शराब जब्त

छतरपुर में डीएसपी का बड़ा एक्शन, NH किनारे 11 होटल में छापामारी, शराब जब्त।

नौडीहा बाजार/पप्पू यादव

छतरपुर (पलामू): अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पलामू पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चौधरी के सख्त निर्देश पर 07.09.2026 की रात पूरे जिले में एक साथ औचक छापेमारी अभियान चलाया गया।

इस अभियान में NH और मुख्य सड़कों के किनारे चल रहे होटल/ढाबों को टारगेट किया गया, जहां अवैध शराब परोसे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

इसी कड़ी में छतरपुर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार ने खुद मोर्चा संभाला और अपनी टीम के साथ अनुमंडल क्षेत्र के 11 बड़े होटल/ढाबों में सघन छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कई ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान 30 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने सभी बोतलों को जब्त कर उत्पाद विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि शराब पीकर गाड़ी चलाने से होने वाले हादसों को रोकना और सार्वजनिक जगहों पर शराब के कारण होने वाले झगड़े और अपराध पर लगाम लगाना इस अभियान का मुख्य मकसद है।

एसपी पलामू श्री कपिल चौधरी ने दो टूक कहा है कि जिले में कहीं भी होटल-ढाबा की आड़ में अवैध शराब का खेल बर्दाश्त नहीं होगा। पकड़े जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।