बगोदर में 15 दिनों से जंगली हाथियों का उत्पात, ग्रामीणों में दहशत

बगोदर में 15 दिनों से जंगली हाथियों का उत्पात, ग्रामीणों में दहशत

रात में गांवों और खेतों में पहुंच रहा हाथियों का झुंड, घरों व फसलों को नुकसान

गिरिडीह। जिले के बगोदर प्रखंड क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से जंगली हाथियों के झुंड का उत्पात जारी है। हाथियों का झुंड रात के समय गांवों और खेतों में पहुंचकर घरों एवं फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड रात होते ही आबादी वाले इलाकों और खेतों की ओर पहुंच जाता है। इस दौरान हाथी खेतों में लगी फसलों को रौंदकर नष्ट कर रहे हैं। कई जगहों पर घरों को भी नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना है।

दोनदलो, खरी टोंगरी और पोखरियाडीह टोला में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं और पूरी रात जागकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग एवं प्रशासन से हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर करने तथा फसलों एवं मकानों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही हाथियों से सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की भी अपील की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में जान-माल के नुकसान का खतरा और बढ़ सकता है।