दुबई में फंसे प्रवासी मजदूर रामेश्वर दास की वतन वापसी, दिल्ली पहुंचे तो परिवार में दौड़ी खुशी

गिरिडीह। दुबई में फंसे बगोदर थाना क्षेत्र के अटका गांव निवासी प्रवासी मजदूर रामेश्वर दास शनिवार सुबह दिल्ली सुरक्षित पहुंच गए। उनके भारत लौटने की खबर से परिजनों को लंबे इंतजार और चिंता के बाद बड़ी राहत मिली है। परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं गांव में भी उनकी वतन वापसी की सूचना फैलते ही खुशी की लहर दौड़ गई।
रामेश्वर दास के दिल्ली पहुंचने के बाद अब उन्हें अटका गांव लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। परिजनों और शुभचिंतकों की नजरें उनके गांव पहुंचने पर टिकी हैं, जहां पहुंचते ही वह परिवार और करीबियों से मुलाकात करेंगे। ग्रामीण उनके स्वागत की तैयारी में भी जुटे हैं।
प्रवासी मजदूरों के हित में लगातार सक्रिय रहने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने रामेश्वर की सकुशल वतन वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि रामेश्वर का अपने देश लौटना और जल्द परिवार के बीच पहुंचना संतोषजनक है। उन्होंने प्रवासी मजदूरों की समस्याओं पर लगातार सहयोग जारी रखने की बात कही।