गिरिडीह में पहली बार होगा 9वां राज्य स्तरीय सीनियर सेपक टकरा, 10-11 अक्टूबर को जुटेंगे खिलाड़ी
गिरिडीह में पहली बार होगा 9वां राज्य स्तरीय सीनियर सेपक टकरा
10-11 अक्टूबर को इंडोर स्टेडियम में जुटेंगे राज्यभर के खिलाड़ी, तैयारी को लेकर साईं हॉस्पिटल में हुई बैठक
गिरिडीह। खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गिरिडीह में पहली बार राज्य स्तरीय 9वां सीनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 10 एवं 11 अक्टूबर को गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। इसमें राज्यभर से खिलाड़ी हिस्सा लेने के लिए गिरिडीह पहुंचेंगे।
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर रविवार शाम 4 बजे साईं हॉस्पिटल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. अरविंद कुमार ने की। बैठक में प्रतियोगिता को सफल बनाने के साथ-साथ बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के रहने, खाने-पीने, ठहरने तथा अभ्यास से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर जिला खेल पदाधिकारी से बातचीत कर इंडोर स्टेडियम की बुकिंग कराने तथा गिरिडीह के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से पूर्व कुछ दिनों तक अभ्यास के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अरविंद कुमार ने कहा कि सभी खिलाड़ी और खेल से जुड़े लोग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए एकजुट हैं। गिरिडीह में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है और इसे सफल बनाना सभी की जिम्मेदारी है।
संघ के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन गिरिडीह में होना जिले के लिए सौभाग्य की बात है। वहीं उपाध्यक्ष राजेश सिन्हा ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि इस बार स्टेट टीम में गिरिडीह के 7 खिलाड़ी शामिल हैं।
सचिव नुरुल हुदा ने कहा कि गिरिडीह को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाना ही संघ का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजनों से जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा।
बैठक में कोषाध्यक्ष नरेश यादव, मोहम्मद सद्दाम, संजय कुमार अली, राजा, विवेक रंजन, मोहम्मद मुर्तजा सहित संघ के सभी सदस्य मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर अपने-अपने सुझाव और विचार रखे।

