वृद्धाश्रम पहुंचे B.Ed. कॉलेज के प्रशिक्षु, बुजुर्गों के बीच बांटी जरूरी सामग्री

जब अपनों का स्नेह मिला तो खिल उठे बुजुर्गों के चेहरे

बुजुर्गों के बीच पहुंची अपनत्व की मुस्कान, प्रशिक्षुओं ने बांटी जरूरी सामान

शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों का विकास जरूरी : डॉ. हरदीप कौर

गिरिडीह। स्कॉलर बी.एड. कॉलेज के प्रशिक्षुओं ने सोमवार को वृद्धा आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ आत्मीय समय बिताया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने बुजुर्गों के बीच आवश्यक उपयोग की सामग्री का वितरण कर सेवा, सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश दिया। डीएलएड प्रभारी डॉ. हरदीप कौर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने बुजुर्गों से बातचीत की और उनके जीवन के अनुभवों को करीब से जाना। युवाओं का स्नेह और अपनत्व पाकर बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। प्रशिक्षुओं ने बुजुर्गों से आशीर्वाद भी लिया।
शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों का विकास जरूरी : हरदीप कौर
डीएलएड प्रभारी डॉ. हरदीप कौर ने कहा कि “बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षुओं में मानवीय संवेदना, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना भी है।”
उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रम प्रशिक्षुओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देते हैं। बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों के साथ समय बिताने से प्रशिक्षुओं में सहानुभूति, संवेदनशीलता एवं मानवीय मूल्यों का विकास होता है।
कार्यक्रम में सहायक व्याख्याता कौशल कुमार, रंजीत कुमार सिंह, स्मिता कुमारी ,प्रवीण कुमार सहित अन्य सहायक व्याख्याता, शिक्षकेत्तर कर्मचारी मनीष जैन, सोनाली कुमारी एवं डीएलएड प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कॉलेज परिवार एवं प्रशिक्षुओं की सक्रिय सहभागिता रही। प्रशिक्षुओं ने भविष्य में भी सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की बात कही।