बेतला में कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

बरवाडीह(लातेहार): कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर बेतला क्षेत्र में उत्सवपूर्ण माहौल देखने को मिला। इस मौके पर मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पूरे उत्साह के साथ स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम का आयोजन बेतला में किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेसी एकत्रित हुए और पार्टी के गौरवशाली इतिहास को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस पार्टी के ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहां कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है, जिसने आज़ादी की लड़ाई से लेकर लोकतंत्र को मजबूत करने तक अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहां कि कांग्रेस ने हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, महिला और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है और आगे भी जनता की आवाज़ बनकर काम करती रहेगी। संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि आज के समय में कांग्रेस की विचारधारा और भी प्रासंगिक हो गई है। उन्होंने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की ताकि देश को नई दिशा दी जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पंचायत प्रतिनिधि, महिला कार्यकर्ता एवं युवा कांग्रेस के सदस्य मौजूद थे। सभी ने पार्टी की मजबूती और आने वाले समय में जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
स्थापना दिवस समारोह शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे बेतला क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। मौके पर जमुना सिंह, अख्तर हुसैन, रघुनंदन राम,साजिद अंसारी, अलीहसन अंसारी,सचीन सिंह,गिरवर बैठा, उमेश कुमार रजक,भगवान प्रसाद समेत कई अन्य नेता कार्यकर्ता शामिल थे।