बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत छोटकी खरगडीहा में नशा मुक्ति को लेकर निकाली गई जागरूकता प्रभात फेरी
बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत छोटकी खरगडीहा में नशा मुक्ति को लेकर निकाली गई जागरूकता प्रभात फेरी
गिरिडीह। बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्लस 2 उच्च विद्यालय, छोटकी खरगडीहा के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर गांव एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
प्रभात फेरी में शामिल छात्र-छात्राओं ने “नशे को ना, जिंदगी को हाँ”, “नशा छोड़ो, जीवन संवारो” और “स्वस्थ युवा, स्वस्थ समाज” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को संदेश दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। इसलिए युवाओं को इससे दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक कार्यों में अपना योगदान देना चाहिए।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। इसके खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाना समय की आवश्यकता है। प्रभात फेरी के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़े और युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

