नवनिर्मित श्री राम कृष्ण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा हेतु, भव्य कलश शोभायात्रा
नवनिर्मित श्री राम कृष्ण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा हेतु, भव्य कलश शोभायात्रा
नौडीहा बाजार/पप्पू यादव
नौडीहा बाजार:पलामू जिले नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत खैरादोहर पंचायत के शिल्दा खुर्द स्थित लकड़ाही बाजार प्रांगण में नवनिर्मित मंदिर में श्री सीताराम-लक्ष्मण, श्री राधा-कृष्ण एवं श्री हनुमानजी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं की विशाल टोली पारंपरिक ढोल, सिंघा, डीजे साउंड और बैंड-बाजे के साथ मंदिर परिसर से बटाने नदी तट जवाड़ पहुंची।
नदी तट पर विद्वान आचार्य पंडित विनय पाठक एवं सहयोगी पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा पूजन कराया गया। इसके बाद श्रद्धालु महिलाओं, माताओं एवं बच्चों ने कलशों में पवित्र जल भरकर मंदिर परिसर तक यात्रा की। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं द्वारा परिक्रमा की गई तथा कलशों को मंदिर के चारों ओर स्थापित किया गया
पूजन-अर्चन के उपरांत पूर्वाह्न 10:40 बजे से लकड़ाही-शिल्दा मंडली द्वारा 24 घंटे के अखंड संकीर्तन का शुभारंभ किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार यादव, सचिव सूर्यपति सिंह, कोषाध्यक्ष एवं संयोजक बलदेव यादव, मित्रभान सिंह सहित कई ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। मुख्य यजमान के रूप में रामविलास रजक, सुरेश प्रसाद एवं सुगन यादव सपत्नीक उपस्थित रहे।
मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समिति के अध्यक्ष संतोष यादव, उपाध्यक्ष अखलेश प्रसाद, सचिव मनोज रजक, उप सचिव मदन यादव तथा सह संयोजक पप्पू यादव (पत्रकार) कोषाध्यक्ष लालदेव सिंह सहित बजरंग दल शिल्दा, लकड़ाही एवं खैरादोहर के कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के ग्रामीणों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर पलामू जिला धर्माचार्य प्रमुख एवं श्रीराम-श्रीकृष्ण मंदिर के संरक्षक बालयोगी संत विभु सुमनजी ब्रह्मचारी, संत समिति के सरयू बाबा एवं विश्वनाथ बाबा भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन सनातन संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं।



