अंबवाटोली पंचायत भवन में लगा ‘प्रशासन गांव की ओर’ विशेष शिविर, ग्रामीणों को मिली कई सेवाएं
महुआडांड़। सुशासन सप्ताह के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार शनिवार, 20 दिसंबर 2025 को अंबवाटोली पंचायत भवन में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य गांव स्तर पर ही ग्रामीणों की जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।इस विशेष शिविर में अंबवाटोली, महुआडांड़ एवं चम्पा पंचायत के ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं एवं योजनाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई तथा कई आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। विशेष रूप से जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दर्जनों जन्म प्रमाण पत्र निर्गत किए गए।कुहासे के कारण शिविर की शुरुआत दोपहर 12 बजे की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शिविर में अंबवाटोली पंचायत की मुखिया रोशनी कुजूर, महुआडांड़ पंचायत की मुखिया प्रमिला मिंज, चम्पा पंचायत की मुखिया सुषमा कुजूर, महुआडांड़ पंचायत समिति सदस्य नीलम देवी, पंचायत सचिव तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों द्वारा संज्ञान में लेते हुए समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई, वहीं कुछ मामलों में आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के बाद समाधान का आश्वासन दिया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
प्रशासनिक स्तर पर इस आयोजन को ग्रामीणों के लिए उपयोगी और लाभकारी पहल के रूप में देखा गया। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई कि वे भविष्य में भी ऐसे शिविरों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।

