बरवाडीह और बेतला में बनेगा डाक बंगला, अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थलों का किया निरीक्षण
पर्यटकों और आम लोगों को मिलेगी सुविधा, बरवाडीह में डाक बंगला निर्माण की पहल तेज
बरवाडीह से अर्चना कुमारी की रिपोर्ट।
बरवाडीह। प्रखंड मुख्यालय में पर्यटकों एवं आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला परिषद के माध्यम से डाक बंगला निर्माण की पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज बेतला के अखरा एवं बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय परिसर में डाक बंगला निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त महोदय, अंचल अधिकारी लाकेश सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी रेखा रेशमा मिंज एवं पश्चिमी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर मौजूद रहीं। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने दोनों प्रस्तावित स्थलों का जायजा लेते हुए निर्माण की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
डाक बंगला का निर्माण होने से क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों, सरकारी कार्यों से पहुंचने वाले अधिकारियों तथा आम लोगों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। साथ ही इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने और प्रखंड मुख्यालय में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।
इस पहल को बरवाडीह क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब प्रस्तावित स्थल के निरीक्षण के बाद आगे की प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।

