झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा ठप, गिरिडीह के 160 कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, मरीजों की बढ़ी परेशानी

गिरिडीह। झारखंड में सरकारी 108 एंबुलेंस सेवा पर हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। गिरिडीह समेत राज्यभर के 108 एंबुलेंस चालक और टेक्नीशियन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। खासकर गंभीर रूप से बीमार मरीजों और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने को लेकर चिंता गहराने लगी है।
इसी क्रम में गुरुवार को गिरिडीह सदर अस्पताल परिसर में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने सम्मान फाउंडेशन पर उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और न ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे परेशान होकर जिले के करीब 160 कर्मचारियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
हड़ताली कर्मचारियों ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर पहले भी आवाज उठा चुके हैं। उस दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, कर्मचारियों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में विभाग और संबंधित एजेंसी के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी लंबित मांगों को पूरा नहीं किया जाता तथा वेतन भुगतान सहित अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित नहीं की जातीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इधर, 108 एंबुलेंस सेवा बाधित होने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में यह सेवा अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में हड़ताल लंबी खिंचने पर मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब सबकी निगाहें स्वास्थ्य विभाग और संबंधित एजेंसी पर टिकी हैं कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और एंबुलेंस सेवा को बहाल करने के लिए कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।

You may have missed