गिरिडीह के संवेदकों की बैठक में माइनिंग रॉयल्टी और लंबित भुगतान का मुद्दा उठा, 27 नवंबर को रांची में जुटेंगे संवेदक

गिरिडीह। जिले के संवेदकों की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को बरमसिया स्थित चिल्ड्रन पार्क में नगर निगम संवेदक संघ के अध्यक्ष बिकाश सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संवेदकों को हो रही विभिन्न समस्याओं, विशेषकर माइनिंग रॉयल्टी चालान और लंबित भुगतान के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित संवेदकों ने कहा कि माइनिंग रॉयल्टी चालान से जुड़ी समस्याओं और समय पर भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 27 नवंबर को रांची में झारखंड कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन की ओर से आयोजित बैठक में गिरिडीह जिले से बड़ी संख्या में संवेदक शामिल होंगे। इस दौरान जिले के संवेदकों की समस्याओं को प्रमुखता और मजबूती के साथ उठाया जाएगा, ताकि संबंधित स्तर पर उनका समाधान हो सके।
इसके साथ ही बैठक में सभी संवेदक साथियों से 27 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचने की अपील की गई, जिससे एकजुटता के साथ अपनी मांगों को रखा जा सके।
बैठक में भरत मिश्रा, राजीव सिंह, जीवन दास, मंगल सिंह, नीरज साव, देवनंदन सिंह, अमोद यादव, रोहित जमूआर, रणविजय वर्मा, सत्यम यादव, बच्चू नारायण सिंह, टिंकू कुमार, साबिर अली, महेंद्र राय, भगवत पंडित समेत कई संवेदक उपस्थित थे।

You may have missed