दिवंगत पत्नी की याद में पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी ने वृद्धाश्रम में बांटे कंबल और मिठाइयां, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद

धर्मपत्नी की यादों को सेवा के जरिए किया जीवंत, वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच बांटे कंबल और मिठाइयां

गिरिडीह। अपनों की यादों को जीवंत रखने का सबसे खूबसूरत तरीका है उनके नाम पर मानवता की सेवा करना। इसी भावुक संदेश के साथ पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी ने अपनी दिवंगत धर्मपत्नी स्वर्गीय प्रभा शाहाबादी के जन्मदिवस को सेवा और संवेदना के नाम समर्पित किया।

इस अवसर पर वे सपरिवार स्नेहदीप वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बुजुर्गों के बीच कंबल एवं मिठाइयों का वितरण किया। उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

धर्मपत्नी की स्मृतियों को याद करते हुए शाहाबादी परिवार भावुक नजर आया। इस पहल के जरिए उन्होंने संदेश दिया कि भले ही कोई अपना इस दुनिया में न हो, लेकिन उसके प्रति प्रेम और सम्मान को समाजसेवा के माध्यम से हमेशा जीवित रखा जा सकता है।

बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान और परिवार के दिल में अपनों की यादें… यह आयोजन केवल कंबल और मिठाई वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रेम, संस्कार और मानवीय संवेदना की एक सुंदर मिसाल बन गया।

You may have missed