ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में लोक संगीत, रंगोली और दीप सजाओ प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में लोक संगीत एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन
ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल न्यू टाउनशीप, मेदिनीनगर में दिनांक 07 नवम्बर 2026, दिन शनिवार को दीपावली पूर्व रंगोली एवं लोक संगीत प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य माणि सी.वी. एवं प्रधानाध्यापक गौरव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद छात्राओं द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने लोक संगीत एवं रंगोली प्रतियोगिता का खूब आनंद उठाया। तत्पश्चात् विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों द्वारा रंगोली प्रतियोगिता का प्रदर्शन किया गया, जिसके परिणाम इस प्रकार रहा । कक्षा छठवीं से आठवीं बालिका समूह में बायरन सदन प्रथम स्थान पर, शेक्सपीयर सदन द्वितीय स्थान पर तथा कीट्स सदन तृतीय स्थान पर रहा। कक्षा छठवीं से आठवीं बालक समूह में बायरन सदन प्रथम स्थान पर तथा शेक्सपीयर सदन द्वितीय स्थान पर रहा। कक्षा नवीं से बारहवीं बालिका समूह में इलियट सदन प्रथम स्थान पर जबकि बायरन सदन द्वितीय स्थान पर रहा। कक्षा नवीं से बारहवीं बालक समूह में बायरन सदन प्रथम स्थान पर, कीट्स सदन द्वितीय स्थान पर तथा इलियट सदन तृतीय स्थान पर रहा। शनिवार को ‘दीप सजाओ’ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में प्री-नर्सरी से पंचम वर्ग तक के कुल 350 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 199 छात्र और 151 छात्राएँ शामिल थीं। प्रतियोगिता में प्राथमिक वर्ग की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीनों पुरस्कार अपने नाम किए। छात्राओं ने दीपों को आकर्षक ढंग से सजाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। इन सजे हुए दीपों की एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक गौरव कुमार ने सभी विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक प्रतियोगिताओं से बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा निखरती है और उनमें कला तथा सृजनात्मकता के प्रति रुचि बढ़ती है। कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों और शिक्षकों के बीच मिष्ठान्न का वितरण भी किया गया।
अंत में, विद्यालय के प्राचार्य माणि सी. वी. ने सभी को दीपावली एवं छठ पर्व की अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि, “दीपावली सनातन संस्कृति का त्योहार है, जो भारत के सबसे बड़े और सर्वाधिक महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। यह दीपों का त्योहार है जो आध्यात्मिक रूप से अंधकार पर प्रकाश की विजय को दर्शाता है। दीपावली दो शब्दों अर्थात् ‘दीप’ और ‘अवली’ से मिलकर बना है, जिसका अर्थ है—दीपों की पंक्ति। जिस प्रकार दीया अँधेरे को समाप्त कर जग को प्रकाश से भर देता है, ठीक उसी प्रकार हमें अपने भीतर के अंधकार को मिटाकर समूचे वातावरण को प्रकाशमय बनाना है। आप सभी के जीवन में भी अंधकार का नाश हो तथा प्रकाश ही प्रकाश हो। यह त्योहार प्रेम, सुख और समृद्धि से परिपूर्ण रहे और सभी को हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दे।”
विद्यालय के निदेशक सह पाँकी विधायक डॉ. एस. बी. पी. मेहता जी ने भी सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को दीपावली एवं छठ पूजा की अग्रिम व हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। मंच का सफल संचालन ग्यारहवीं की छात्रा कनिका तथा देवांगना द्वारा किया गया। तत्पश्चात् राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहें।




