FPO से जुड़ने पर राशन कार्ड निरस्त होने का मामला, किसानों ने प्रशिक्षु IAS यश कुमार से लगाई गुहार
FPO से जुड़ने पर राशन कार्ड निरस्त होने का मामला, किसानों ने प्रशिक्षु IAS यश कुमार से लगाई गुहार
गिरिडीह, 11 सितंबर। किसान उत्पादक संगठन (FPO) से जुड़ने के बाद राशन कार्ड निरस्त किए जाने से परेशान किसानों ने शुक्रवार को प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। प्रभावित किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रशिक्षु आईएएस यश कुमार से मिला और अपनी समस्या उनके समक्ष रखी।
किसानों ने बताया कि FPO में निदेशक के रूप में जुड़ने के कारण कई किसानों के राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं। उनका कहना है कि इसके चलते वे सरकारी खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित होने की स्थिति में हैं। किसानों ने प्रशासन से मामले की जांच कर राशन कार्ड दोबारा बहाल कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि FPO में निदेशक के रूप में जुड़ना किसानों को संगठित कर कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़ा है। ऐसे में केवल इस आधार पर राशन कार्ड निरस्त होने से प्रभावित किसानों के सामने गंभीर परेशानी खड़ी हो गई है।
प्रशिक्षु आईएएस यश कुमार ने किसानों की पूरी बात गंभीरता से सुनी और मामले की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रकरण की आवश्यक स्तर पर जांच कर समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद किसानों ने उम्मीद जताई कि मामले का जल्द समाधान होगा और पात्र प्रभावित किसानों के राशन कार्ड पुनः बहाल किए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में विकाश वर्मा, सन्दीप कुमार, सन्तोष वर्मा समेत विभिन्न FPO के निदेशक और प्रभावित किसान शामिल थे।

