गिरिडीह में ब्लास्टिंग से दहशत, घरों में पड़ी दरारें; ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग

गिरिडीह। सीसीएल की गिरिडीह कोलियरी स्थित कबरीबाद माइंस के समीप चिलगा टोला के ग्रामीण जमीन धंसने और ब्लास्टिंग को लेकर दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के पास अक्सर जमीन धंसने और गोफ बनने की घटनाएं होती हैं। वहीं, ब्लास्टिंग से कई घरों की दीवारों में दरारें पड़ने की शिकायत भी है।

ग्रामीणों के अनुसार, दो दिन पहले ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर का टुकड़ा घर में आ गिरा, हालांकि किसी को चोट नहीं लगी। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं, ब्लास्टिंग इंचार्ज संजीव कुमार ने बताया कि ब्लास्टिंग से पहले सायरन बजाया जाता है और सड़क के पास सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। उन्होंने कहा कि ब्लास्टिंग नियमानुसार और सावधानी से की जाती है।