पचम्बा में झाड़ियों से मिला नवजात, थाना प्रभारी ने जान जोखिम में डालकर बचाया

गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सनसनी फैल गई, जब थाना से कुछ दूरी एक निजी कार शोरूम के समीप घनी और कांटेदार झाड़ियों के बीच एक नवजात शिशु पड़ा मिला। सड़क से करीब पांच फीट नीचे झाड़ियों में पड़े बच्चे की रोने की आवाज सुनकर स्थानीय दुकानदारों की नजर पड़ी, लेकिन कांटों के कारण कोई भी उसे बाहर निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।
मामले की सूचना तत्काल पचम्बा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार अपने चालक विमलेश और सहायक पुलिस सुनीता के साथ मौके पर पहुंचे। मासूम नवजात कांटेदार झाड़ियों के बीच बेसहारा पड़ा था और उसके शरीर पर चोट एवं खरोंच के निशान दिखाई दे रहे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बिना देर किए स्वयं झाड़ियों में उतरने का फैसला किया। उन्होंने सावधानीपूर्वक कांटेदार झाड़ियों को हटाया और नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला। मासूम को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। नवजात को पचम्बा थाना के समीप स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस नवजात को झाड़ियों तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। वहीं, थाना प्रभारी राजीव कुमार की तत्परता और मानवीय संवेदना की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।