गिरिडीह में गणपति महोत्सव की तैयारी तेज, केदारनाथ मंदिर की थीम पर बनेगा भव्य पंडाल
गिरिडीह शहरी क्षेत्र के हुट्टी बाजार में नवयुवक संघ समिति द्वारा गणपति पूजा महोत्सव-2026 की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। समिति के सदस्यों ने बताया कि 14 सितंबर से हुट्टी बाजार में तीन दिवसीय भव्य गणपति महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इस बार श्री केदारनाथ मंदिर की थीम पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है।
पूजा समिति के सदस्य सत्यप्रकाश साहा ने बताया कि इस वर्ष पंडाल में श्री केदारनाथ मंदिर की झलक देखने को मिलेगी। पंडाल के निर्माण कार्य में बंगाल के कुशल कारीगर दिन-रात एक कर रहे हैं। समिति के सभी सदस्य गणेश महोत्सव की तैयारी को लेकर उत्साहित हैं और उम्मीद जताई है कि लोग इस थीम की भी सराहना करेंगे।
पूजा समिति के विक्की साव ने बताया कि पिछले 26 वर्षों से समिति द्वारा गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है और इस बार भी हुट्टी बाजार में तीन दिनों तक गणपति महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर साल समिति कुछ नई थीम के साथ पंडाल तैयार करती है, जिसे गिरिडीह वासी काफी पसंद करते हैं। जिसे लेकर इस वर्ष भी समिति का प्रयास है कि महोत्सव भव्य रूप से आयोजित हो शहर के लोगों को पसंद आए।

