सुदीव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन पर डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गिरिडीह में शोकसभा
सुदीव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन पर डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गिरिडीह में शोकसभा
गिरिडीह, 7 सितंबर 2026:
डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल, गिरिडीह के प्रांगण में आज अत्यंत गमगीन माहौल में गिरिडीह सहित पूरे झारखंड के सपूत, अद्भुत व्यक्तित्व एवं विकास के पर्याय बन चुके झारखंड के नगर विकास मंत्री,पर्यटन मंत्री, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी मंत्री श्री सुदीव्य कुमार ‘सोनू’ जी के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिवार ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री ओमप्रकाश गोयल ने कहा कि श्री सुदीव्य कुमार ‘सोनू’ के असामयिक निधन से न केवल गिरिडीह, बल्कि पूरे झारखंड ने एक परिपक्व, निष्ठावान, समर्पित एवं विकास के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्तित्व को खो दिया है। उनका निधन समाज और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके व्यक्तित्व एवं कार्यों को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा।
प्राचार्य ने कहा कि आज सुबह से ही विभिन्न स्थानों से हृदय को मर्माहत करने वाली घटनाओं की खबरें प्राप्त हुईं। इसी क्रम में देश की राजधानी में एक पीजी बिल्डिंग के गिरने से छह बच्चों के निधन तथा कई लोगों के घायल होने की दुखद सूचना ने सभी को व्यथित कर दिया। विद्यालय परिवार ने इस हृदयविदारक घटना में दिवंगत हुए सभी बच्चों एवं अन्य मृतकों के प्रति भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोकसभा में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु दो मिनट का मौन रखा गया। तत्पश्चात शांति पाठ के साथ शोकसभा का समापन किया गया।

