कांग्रेस ने SIR को लेकर आयोजित किया प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस ने SIR को लेकर आयोजित किया प्रशिक्षण शिविर
मास्टर ट्रेनर ने BLA-2 को दिए निर्देश, प्रभावित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर
गिरिडीह। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केड़िया की अध्यक्षता में स्थानीय परिसदन में SIR को लेकर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रदेश से पहुंचे मास्टर ट्रेनर मदशर खान ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मास्टर ट्रेनर मदशर खान ने उन मतदाताओं के पुनः पंजीकरण पर विशेष जोर दिया, जिन्हें नोटिस नहीं मिला है या जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से हट गए हैं। उन्होंने BLA-2 को निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर ऐसे मतदाताओं की जानकारी जुटाई जाए, जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का सक्षम तरीके से पुनः नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जुटाने में पार्टी स्तर से सहयोग किया जाएगा। इसके तहत 6-फॉर्म भरवाने के साथ अंचल अधिकारी के माध्यम से जन्मतिथि, जाति और आवासीय प्रमाण-पत्र बनवाने में भी सक्रिय सहयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम जल्द से जल्द मतदाता सूची में शामिल कराना है।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंड कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों ने मास्टर ट्रेनर का स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर भी सहमति बनी।
शिविर में अनूप लाल यादव, राजेश तुरी, अभिनंदन प्रताप सिंह, मोहम्मद अली खान, अशोक विश्वकर्मा, नागेश्वर मंडल, मनोज कुमार राय, धनंजय गोस्वामी, इतवारी वर्मा, अमीन अकेला, बिलाल अहमद हुसैनी, मोतीलाल पांडे, गुलाम सरवर, रणधीर कुमार चौधरी, मोहम्मद इम्तियाज, मोहम्मद सरफराज अंसारी, मोहम्मद निजामुद्दीन और मोहम्मद सोहेल समेत कई प्रखंड प्रभारी मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष सतीश केड़िया ने कार्यकर्ताओं से प्रभावित मतदाताओं तक पहुंचकर 6-फॉर्म भरवाने और आवश्यक प्रमाण-पत्र जुटाने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से मतदाता सहभागिता बढ़ेगी और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

