गिरिडीह में जनता दरबार, उपायुक्त ने 50 से अधिक फरियादियों की सुनी समस्याएं

गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 50 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष व पारदर्शी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फरियादियों ने बिजली बिल, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक विवाद, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास और राशन कार्ड सहित जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रस्तुत कीं।
उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक आवेदन को निर्धारित प्रक्रिया तथा समय-सीमा के भीतर निष्पादित किया जाना चाहिए। उन्होंने तत्काल समाधान योग्य मामलों का शीघ्र निपटान करने तथा जांच-आवश्यक मामलों में भी गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने का जोर दिया। अनावश्यक विलंब रोकने और नागरिकों को बार-बार दफ्तर के चक्कर से बचाने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
उपस्थित अधिकारियों को आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्रवाई की प्रगति की रिपोर्ट देने का निर्देश भी दिया गया। जनता दरबार के दौरान कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान हुआ, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती और अन्य अधिकारी मौजूद थे।