ब्रजमोहन राम के ओडिशा राज्यपाल बनने पर कांडी में खुशी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया आभार
ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दूबे, रामलला दूबे समेत अन्य कार्यकर्ता।
पलामू प्रमंडल का बढ़ा मान-सम्मान, कांडी मंडल के कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
कांडी (गढ़वा)। पलामू के पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर कांडी मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दूबे ने कहा कि यह पूरे पलामू प्रमंडल के लिए गौरव का क्षण है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि ब्रजमोहन राम ने अपने राजनीतिक जीवन में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। साधारण परिवार से निकलकर देश के उच्च संवैधानिक पद तक पहुंचना क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलला दूबे, महामंत्री ललन पासवान, उपाध्यक्ष सीताराम तिवारी, सुरेंद्र सिंह, शिवप्रसाद पांडेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, लालमुनि पासवान, रामजन्म प्रसाद, रामसुभग प्रसाद, राजेंद्र पांडेय एवं विजय कुमार पांडेय सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।

