लोहरा पोखरी में खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल का वितरण, युवाओं को खेल से जुड़ने का संदेश
लोहरा पोखरी में खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल का वितरण, युवाओं को खेल से जुड़ने का संदेश
पलामू। सतबरवा प्रखंड की धावडिह पंचायत अंतर्गत लोहरा पोखरी स्थित शिव मंदिर परिसर में युवाओं के बीच खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फुटबॉल वितरण समारोह आयोजित किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में दो टीमों के चयनित खिलाड़ियों को फुटबॉल प्रदान किए गए। इस दौरान युवाओं को नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। फुटबॉल जैसे सामूहिक खेल से युवाओं में टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को पर्याप्त खेल सामग्री और प्रोत्साहन मिलने से वे अपनी प्रतिभा को निखारकर उच्च स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस अवसर पर धावडिह पंचायत के उपमुखिया मुधिर साहू, सुधीर साहू और सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र में नियमित रूप से खेल गतिविधियां आयोजित करने की मांग की। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी युवाओं को खेल से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

