26 साल बाद भी युवा-किसान परेशान, सरकार करे आत्ममंथन: विजया लक्ष्मी देवी
26 साल बाद भी युवा-किसान परेशान, सरकार करे आत्ममंथन: विजया लक्ष्मी देवी
गढ़वा। अंतर्राष्ट्रीय भोजपुरी संगम की प्रदेश अध्यक्ष सह भाजपा नेत्री विजया लक्ष्मी देवी ने झारखंड के 26 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य गठन के इतने वर्षों बाद भी युवाओं को पर्याप्त रोजगार, किसानों को जरूरी सुविधाएं और आम जनता को बिजली, पानी, सड़क एवं स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
विजया लक्ष्मी देवी ने JPSC और JSSC परीक्षाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रोजगार की उम्मीद लगाए युवा नियुक्तियों और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर परेशान हैं। उन्होंने किसानों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि समय पर सिंचाई की सुविधा नहीं मिलने और खाद की बढ़ती कीमतों से खेती की लागत बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पर्याप्त उद्योग और रोजगार के अवसर नहीं होने के कारण राज्य से युवाओं का पलायन जारी है।
भाजपा नेत्री ने राज्य सरकार से अपनी नीतियों और कामकाज पर आत्ममंथन करने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए बेहतर सिंचाई व्यवस्था व किफायती खाद और राज्य में नए उद्योग स्थापित करने के लिए ठोस योजना तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से जनता की बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।

