एसआईआर अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने वाले चार बीएलओ हुए सम्मानित

एसआईआर अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने वाले चार बीएलओ सम्मानित
केतार। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले केतार प्रखंड के चार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) नंदजी राम ने सभी बीएलओ को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर एईआरओ ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सभी ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर निर्धारित समय सीमा के भीतर एसआईआर अभियान का लक्ष्य पूरा किया।
सम्मानित होने वालों में राजकीय मध्य विद्यालय, उत्तरी भाग, बूथ संख्या-71 की बीएलओ सरिता देवी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुकुंदपुर उत्तरी भाग, बूथ संख्या-78 की अनु देवी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुकुंदपुर दक्षिणी भाग, बूथ संख्या-79 की रानी देवी तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कचनवन, बूथ संख्या-93 की लालमुनी देवी शामिल हैं।
सम्मानित बीएलओ ने बताया कि अभियान के दौरान घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करना आसान नहीं था। कई स्थानों पर मतदाताओं की अनुपस्थिति एवं दस्तावेजों के सत्यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद प्रखंड कार्यालय से प्रतिनियुक्त कर्मियों के सहयोग, प्रशासन के मार्गदर्शन और टीमवर्क के बल पर सभी चुनौतियों को पार करते हुए निर्धारित समय के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने सभी बीएलओ के समर्पण, अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों के सफल निष्पादन की अपेक्षा जताई।