मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में तेजी, सभी बूथों पर बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक, उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में तेजी, सभी बूथों पर बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक, उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

गुमला – भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार मंगलवार को गुमला जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत बीएलओ एवं बीएलए-2 की संयुक्त बैठक तथा चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया तथा अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।

इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ गुमला शहर स्थित लुथरन हाई स्कूल एवं लुथरन मिडिल स्कूल परिसर में बनाए गए विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने करीब छह मतदान केंद्रों का भ्रमण कर चुनाव पाठशाला और बीएलओ-बीएलए-2 बैठक की प्रगति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या आवश्यक संशोधन से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक बीएलओ की जिम्मेदारी है कि वह अपने क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंचे और अभियान को सफल बनाए।

उल्लेखनीय है कि एसआईआर-2026 अभियान के तहत सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 12 बजे तक बीएलओ एवं बीएलए-2 की दूसरी संयुक्त बैठक आयोजित की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार चुनाव पाठशाला के दौरान प्रारूप एएसडीडी सूची का अनिवार्य रूप से सार्वजनिक वाचन भी किया गया, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने जिले के सभी पात्र भारतीय नागरिकों, मतदाताओं एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित सभी हितधारकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही गुमला जिले की मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है।