भरनो में 219 छात्रों को मिली साइकिल, फिटिंग सुधार के बाद सफल वितरण
भरनो में 219 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण,फिटिंग दुरुस्त होने के बाद सफलतापूर्वक हुआ वितरण कार्यक्रम।
भरनो (गुमला):- प्लस टू हाई स्कूल भरनो परिसर में सोमवार और मंगलवार को ‘उन्नति का पहिया’ कार्यक्रम के तहत प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख पारसनाथ उरांव,पंचायत समिति सदस्य जहांगीर आलम,कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मुख्तार आलम,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मंजू खाखा एवं बीपीओ सूरज लकड़ा की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।कार्यक्रम के दौरान कुल 219 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इसमें उत्क्रमित मध्य विद्यालय मठतुरीअम्बा के 24, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंडरानी के 9, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय परसा के 7, राजकीय बालक मध्य विद्यालय भरनो के 83, राजकीय कृत बालिका मध्य विद्यालय भरनो के 91 तथा राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय करौंदाजोर के 5 छात्र-छात्राएं शामिल रहे।गौरतलब है कि पिछले गुरुवार को आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान कई विद्यार्थियों ने साइकिलों की फिटिंग सही नहीं होने की शिकायत करते हुए उन्हें लेने से इंकार कर दिया था।मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड प्रमुख पारसनाथ उरांव ने संबंधित एजेंसी को सभी खराब फिटिंग वाली साइकिलों को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया था।इसके बाद सभी साइकिलों की मरम्मत एवं फिटिंग ठीक कराई गई।इधर वितरण से पूर्व प्रखंड प्रमुख पारसनाथ उरांव,बीपीओ सूरज लकड़ा,पंचायत समिति सदस्य जहांगीर आलम तथा शिक्षकों ने स्वयं साइकिल चलाकर उनकी गुणवत्ता और फिटिंग की जांच की।पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया,जिससे बच्चों और अभिभावकों में भी संतोष देखा गया।इस अवसर पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मुख्तार आलम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की यह योजना शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।उन्होंने छात्रों से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने,नियमित देखभाल करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।मौके पर बीआरपी समीम एजाज,विनोद कुमार,सेलिना संगा,महबूब आलम,तुलसी लोहरा,बिरसा उरांव सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


