उपायुक्त ने राजकीयकृत मध्य विद्यालय,बरांव का किया औचक निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के दिए निर्देश

उपायुक्त ने राजकीयकृत मध्य विद्यालय,बरांव का किया औचक निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के दिए निर्देश

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बरांव का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण कर बच्चों से संवाद किया तथा पठन-पाठन की स्थिति का अवलोकन किया। इस क्रम में उन्होंने विद्यालय की कुछ आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता महसूस की। उन्होंने पाया कि कुछ कक्षाओं में अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था की जरूरत है तथा कुछ बेंचों की मरम्मत/प्रतिस्थापन आवश्यक है। साथ ही विद्यालय परिसर की सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित वातावरण के दृष्टिकोण से चाहरदीवारी (बाउंड्री वॉल) की आवश्यकता पर भी बल दिया।उपायुक्त ने मौके से ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को दूरभाष पर आवश्यक निर्देश देते हुए विद्यालय की सभी आधारभूत आवश्यकताओं का विस्तृत आकलन कर उसी दिन संध्या तक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिवेदन के आधार पर विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु यथोचित कार्रवाई एवं प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि जहां भी आवश्यकता हो, वहां समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।