जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक:अवैध खनन पर सख्ती,जून माह में 123 वाहन जब्त
जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक:अवैध खनन पर सख्ती,जून माह में 123 वाहन जब्त
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई।बैठक में डीसी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की।इस दौरान जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।उन्होंने बताया कि जून माह में खनन विभाग द्वारा अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त 32 वाहनों को जब्त किया गया तथा 22 लाख 36 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।इसी तरह झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद की ओर से एक ईंट भट्टा,11 स्टोन माइंस एवं 12 स्टोन क्रशरों की जांच की गयी है जिसमें सभी को नोटिस निर्गत किया गया है।जिला परिवहन विभाग द्वारा 51 वाहनों को जब्त कर 9 लाख 41 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया,जबकि वन विभाग की ओर से शून्य वाद दर्ज किए गये।वहीं विभिन्न अंचलों द्वारा की गई कार्रवाई में 40 वाहन जब्त किए गए,जिसमें सर्वाधिक छत्तरपुर अंचल से आठ वाहन जब्त हुए हैं।इसी तरह पिछले तीन माह में मोहम्मदगंज एवं उंटारी रोड अंचल के स्तर से शून्य कार्रवाई को रेखांकित किया गया।बैठक में डीसी ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि खनन से जुड़ी सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित हों, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने पुलिस,परिवहन व खनन विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने,चेकपोस्टों पर सघन जांच करने तथा खनन स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और वन विभाग,पुलिस व अंचल प्रशासन आपसी समन्वय के साथ निगरानी करें।उन्होंने डीएमओ को ब्लास्टिंग के समय तय सभी मानकों का पालन करते हुए ही ब्लास्टिंग पर बल दिया ताकि पत्थर किसी भी परिस्थिति में पत्थर के टुकड़े रिहायशी इलाकों में न जाये।उन्होंने सदर और लेस्लीगंज अंचलाधिकारी को बालू घाटों के रास्तों पर ट्रेंच कटिंग कराने पर बल दिया।उपायुक्त द्वारा सभी सीओ को उनके क्षेत्र अंतर्गत बंद पड़े खदानों में अनिवार्य रूप से फेन्सिंग कराये जाने की बात कही।उन्होंने तीनों एसडीओ,एसडीपीओ,सीओ और सभी थाना प्रभारी को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही।बैठक में सदर एसडीएम, हुसैनाबाद एसडीपीओ,सहायक समाहर्ता,विभिन्न एसडीपीओ व थाना प्रभारी उपस्थित रहे।वहीं विभिन्न अंचलाधिकारी ऑनलाइन मोड से जुड़े रहे।

