पोखराहा फोरलेन पर सड़क सुरक्षा अभियान, बच्चों ने दिया सुरक्षित यातायात का संदेश
पोखराहा फोरलेन पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, स्कूली बच्चों और वरदान टीम ने दिया सुरक्षा का संदेश
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पोखराहा फोरलेन पर आज वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट और एम.एस.ए स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान स्कूली बच्चों और वरदान टीम ने राहगीरों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने , हेल्मेट पहनने,सीट बेल्ट लगाने,निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पार करते समय काफी सावधानी बरतने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों स्कूली बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया।अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम में वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को केवल प्रशासन के भरोसे नहीं रोका जा सकता ,बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना होगा।वहीं एम.एस.ए स्कूल के निदेशक अफजल सफीक ने विद्यार्थियों से स्वयं इन सुरक्षा नियमों का पालन करने के साथ साथ अभिभावकों , परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
अभियान में सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी,शमाल अहमद, रानू सिन्हा,अंकिता वर्मा, रीता सिन्हा सहित विद्यालय के शिक्षक ,शिक्षिकाएं तथा सैकड़ों छात्र छात्राएं उपस्थित थे। थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने कहा कि वरदान चैरिटेबल ट्रस्टका यह प्रयास काफी सराहनीय है , और ऐसे कार्यों में मेरा हमेशा सहयोग रहेगा।वहां उपस्थित सभी लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दुसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।साथ ही हाल के दिनों में वहां दुर्घटनाग्रस्त हुए लोगों को श्रद्धांजली व्यक्त की गई



