अविनाश देव ने रमाबाई अस्पताल की पहल को बताया गरीबों के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मील का पत्थर
अविनाश देव ने रमाबाई अस्पताल की पहल को बताया गरीबों के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मील का पत्थर
मेदिनीनगर। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सस्ती एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रमाबाई अस्पताल की पहल एक नई उम्मीद बनकर उभरी है। जगन्नाथ नगर, बजरहा, मेदिनीनगर स्थित रमाबाई अस्पताल में महामानव तथागत वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में निःशुल्क मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के माटी कला बोर्ड के निवर्तमान सदस्य, संत मरियम विद्यालय के चेयरमैन सह युवा झामुमो नेता अविनाश देव शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के सचिव रवि पाल ने फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर अविनाश देव का स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर मेडिकल कैंप का विधिवत उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा एवं संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मेडिकल कैंप में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
इस अवसर पर अविनाश देव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में मुनाफाखोरी नहीं, बल्कि सेवा भाव सबसे जरूरी है। महंगे इलाज और निजी अस्पतालों की भारी फीस के कारण गरीबों के लिए बेहतर चिकित्सा प्राप्त करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में रमाबाई अस्पताल द्वारा न्यूनतम एवं रियायती दरों पर इलाज उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में यह अस्पताल गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार एवं सचिव रवि पाल सहित पूरी टीम को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई दी और पलामूवासियों से अस्पताल की सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
अविनाश देव ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की नींव है।

