पांकी में धूमधाम से मना बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव, केक काटकर की गई सुख-समृद्धि की कामना
पांकी में धूमधाम से मना बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव, केक काटकर की गई सुख-समृद्धि की कामना
सुगंधित फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा बाबा का भव्य दरबार, जयकारों से गूंजा कर्पूरी ठाकुर चौक
पांकी
प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्याम भक्तों ने असीम श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ हारे के सहारे बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव मनाया। इस पावन अवसर पर प्रखंड मुख्यालय के कर्पूरी ठाकुर चौक स्थित चौरसिया मोबाइल केयर के प्रांगण में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी एक भव्य धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देर शाम तक चले इस आयोजन से समूचा इलाका भक्ति के रंग में सराबोर रहा।
समारोह के लिए बाबा खाटू श्याम के दरबार को बेहद आकर्षक रूप दिया गया था।फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से बाबा का भव्य दरबार सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात श्याम प्रेमियों ने सामूहिक रूप से केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव मनाया और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय गीतों और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। पूरा परिसर ‘हारे के सहारे की जय’ और ‘खाटू नरेश की जय’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और मत्था टेका। महाआरती के उपरांत उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस धार्मिक आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में चौरसिया मोबाइल केयर परिवार, स्थानीय श्याम प्रेमी मंडल तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की सराहनीय और सक्रिय भूमिका रही।

