धुरकी में अवैध बालू कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, टिप्पर और ट्रैक्टर जब्त
धुरकी थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टिप्पर तथा एक ट्रैक्टर को जप्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर उसका परिवहन किए जाने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध बालू लदे एक टिप्पर और एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ रखा है। मामले में संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा खनन विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी गई है, ताकि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अवैध बालू उत्खनन से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है और सरकार को राजस्व की हानि होती है। इसलिए ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जो भी व्यक्ति अवैध रूप से बालू का उत्खनन या परिवहन करते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या बालू परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।


