जीटी रोड पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 13 भारी वाहन जब्त
गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में जीटी रोड पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 13 भारी वाहन जब्त किए गए। बगोदर थाना क्षेत्र से 10 वाहन, निमियाघाट थाना क्षेत्र से 2 तथा मधुबन थाना क्षेत्र से 1 वाहन को ओवरलोड पाए जाने पर जब्त किया गया।
जांच के दौरान टीम ने वाहनों के दस्तावेजों के साथ-साथ उनकी निर्धारित भार क्षमता की भी कड़ाई से पड़ताल की। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग न केवल सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि इससे सड़कें भी शीघ्रता से खराब होती हैं। उन्होंने कहा कि जिले में यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सुगम यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
संतोष कुमार ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और सभी वाहन मालिकों तथा चालकों से अपील की गई है कि वे परिवहन नियमों का पालन करें और निर्धारित भार क्षमता के अनुरूप ही वाहन चलायें। जिला प्रशासन ओवरलोडिंग पर लगातार निगरानी रखेगा और आवश्यक कार्रवाई करता रहेगा।

