जेपीएल-2026 टी-20 ट्रॉफी आज पहुंचेगी गिरिडीह, रांची टाइटंस के खिलाड़ी करेंगे शहर भ्रमण

गिरिडीह। जेपीएल-2026 टी-20 ट्रॉफी आज रविवार को गिरिडीह पहुँचेगी और रांची टाइटंस की ओर से ऑनर सलूजा गोल्ड तथा टीम के खिलाड़ी शहर के विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर जनता से मिलेंगे। यह जानकारी शनिवार को टुंडी रोड स्थित सलूजा गोल्ड कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सतविंदर सिंह सलूजा ने दी।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि ट्रॉफी रविवार अपराह्न 3 बजे सलूजा गोल्ड कार्यालय से गिरिडीह भ्रमण पर निकलेगी और उसके साथ सलूजा गोल्ड की टीम रांची टाइटन के सभी खिलाड़ी शहर का अनुष्ठानिक दौरा करेंगे। सलूजा ने कहा कि क्रिकेट की खुमारी पूरे देश में छाई हुई है और झारखंड में जेपीएल टी-20 ने एक नई शुरुआत कर दी है, जिसमें राज्य की छह टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने बताया कि रांची टाइटंस की ऑनर स्पॉन्सर गिरिडीह की सलूजा गोल्ड है और उद्देश्य गांव-गांव तक क्रिकेट को पहुँचाना है।
सलूजा ने कहा, “रांची टाइटंस का दूसरा घर गिरिडीह है। हम गिरिडीह के लोगों से अपील करते हैं कि वे टीम के लिए अपना पूरा प्यार और समर्थन दें।” उन्होंने आगे बताया कि टीम के कप्तान ऑलराउंडर राजनदीप सिंह हैं और उप कप्तान शिखर मोहन हैं।
टीम में शामिल खिलाड़ियों में आयुष भारद्वाज, सत्या सेतु, यश भगत, कुमार अंकित, श्रेष्ठ, युवराज सिंह, ओम सिंह, आर्यन हूदा, सचिन यादव, युवराज कुमार, मुकेश सिंह, प्रिंस मुर्मू, जतीन पांडेय, सौरभ सरकार, प्रेम कुमार चौरसिया, इशान तथा ओम समेत कई खिलाड़ी हैं। प्रेस वार्ता में सलूजा गोल्ड के तरणजीत सिंह सलूजा, कोच रतन कुमार, कौशल किशोर सिंह, टीम मैनेजर रजनीश सहाय तथा अन्य टीम अधिकारी भी मौजूद थे।
गिरिडीह में ट्रॉफी व खिलाड़ियों के आगमन को लेकर युवा और क्रिकेट प्रेमी उत्साह के साथ टीम का स्वागत करने के लिए तैयार दिख रहे हैं।