महुआडांड़ में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
महुआडांड़ (लातेहार)। कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर लातेहार जिला अंतर्गत महुआडांड़ प्रखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साह और गरिमा के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड मंडल अध्यक्ष नुरुल हसन अंसारी ने अपने आवास पर पार्टी का ध्वज फहराया।कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पार्टी के गौरवशाली इतिहास, उसकी विचारधारा तथा देश के स्वतंत्रता संग्राम में पार्टी के योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस की भूमिका को याद किया।मौके पर कांग्रेस आदिवासी जिलाध्यक्ष अजीत पाल कुजूर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को और मजबूत करने, आम जनता की समस्याओं को सड़क से सदन तक उठाने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें कांग्रेस की एकता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया गया।

