नए साल में लोध फॉल पर उमड़ा सैलानियों का जनसैलाब, हर तरफ उत्साह—प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

प्रकृति की गोद में जोश, रोमांच और उत्सव—लोध फॉल नए साल के जश्न का बना सबसे बड़ा गवाह

महुआडांड़ नए साल के जश्न ने झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोध फॉल को सैलानियों का सबसे बड़ा आकर्षण बना दिया है। छुट्टियों का मौसम और ठंड की हल्की ठिठुरन के बीच कलकल करती जलधारा, घने जंगल और हरियाली ने लोध फॉल को नए साल के जश्न का परफेक्ट डेस्टिनेशन बना दिया। सुबह से ही पर्यटकों की भारी भीड़ यहां पहुंच रही है, जिससे पूरा इलाका मेले जैसा नजर आ रहा है।बढ़ते भीड़ को देखते हुए वन विभाग और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके।वन विभाग के अधिकारी कुणाल कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नए साल के मौके पर दूसरे राज्यों से आए सैलानियों का स्वागत है और उनके लिए सुरक्षा, मार्गदर्शन और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे झरने के आसपास सतर्क रहें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।लोध फॉल परिसर में हर तरफ सेल्फी लेते युवा, परिवार संग घूमते सैलानी और बच्चों की किलकारियां माहौल को और भी जीवंत बना रही हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मजबूत सुरक्षा घेरा और प्रशासनिक सतर्कता के बीच पर्यटक बिना किसी चिंता के नए साल का आनंद उठा सकते हैं।