वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा,सरकार वैश्य ओबीसी के साथ छल कर रही है

25 दिसंबर से सदस्यता अभियान की शुरुआत

1 जनवरी से झंडा लगाओ अभियान

30 जनवरी को भुरकुंडा में वैश्य सद्भावना महासम्मेलन

23 मार्च को रांची में छात्र-युवा महासम्मेलन

रांची : रांची के रेडियम रोड़ स्थित आलोका सभागार में झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा द्वारा प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया. प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि आने वाला वर्ष 2026 वैश्य मोर्चा के लिए संघर्ष का वर्ष होगा. केंद्रीय अध्यक्ष साहु ने कहा कि संविधान में वैश्य एवं पिछड़ों के समग्र विकास के लिए काफी प्रावधान किए गए हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन द्वारा लगातार अनदेखी की जाती रही है. यह काफी दुखद है. लेकिन अब इसका जवाब आंदोलन से ही दिया जायेगा. हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी वंशज और अनुयाई हैं. आंदोलन से सरकार और प्रशासन को झुकने पर मजबूर कर देंगे. 20 दिसंबर को वैश्य मोर्चा के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पदाधिकारियों एवं सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जुझारू आंदोलन शुरू करें. अब उपेक्षा और जुल्म बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. साहु ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भी वैश्य ओबीसी के साथ छल किया जा रहा है. राज्य निर्वाचन आयोग कह रही है कि ओबीसी को सबसे अंत में आरक्षण दिया जायेगा. जबकि झारखंड में ओबीसी की आबादी सबसे ज्यादा है और संवैधानिक तौर पर पहला हक ओबीसी का ही बनता है. वैश्य मोर्चा माँग करती है कि चाईबासा नगर परिषद में ओबीसी की आबादी 54% से अधिक है, इसलिए सरकार चाईबासा नगर परिषद को तत्काल ओबीसी के लिए आरक्षित करने की घोषणा करे. इसके लिए कल 22 दिसंबर को मुख्यमंत्री एवं राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र दिया जायेगा. साहु ने कहा कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं जिलाध्यक्ष को निर्देश दिया गया कि 1 जनवरी को अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों में वैश्य मोर्चा का झंडा लगा कर झंडा लगाओ अभियान की शुरुआत करेंगे. इसके पूर्व 25 दिसंबर से आम वैश्यजनों को संगठन से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान की शुरुआत की जायेगी. यह भी तय किया गया कि आंदोलन को धारदार बनाने के लिए सभी स्तर के पदाधिकारियों का आगामी 18 जनवरी को रांची में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जायेगा. जबकि 30 जनवरी को भुरकुंडा में वैश्य सद्भावना सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा. उसके बाद 23 मार्च को रांची में छात्र युवा महासम्मेलन का आयोजन किया जायेगा. इसके पूर्व केंद्रीय पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में बैठक करके समाज के बुनियादी मुद्दों को जानने का काम करेंगे. इस अवसर पर रांची नव नियुक्त जिलाध्यक्ष कृष्णदेव साहु को केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु एवं कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु ने माला पहना कर और बुके दे कर सम्मानित किया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु, वरीय उपाध्यक्ष अधिवक्ता सहदेव चौधरी, प्रधान महासचिव बीरेन्द्र कुमार, केंद्रीय महासचिव चतुर साहु, मीडिया प्रभारी राहुल कुमार साहु, जिलाध्यक्ष कृष्णदेव साहु (रांची), युवा मोर्चा अध्यक्ष हलधर साहु, सचिव आदित्य पोद्दार, छात्र मोर्चा सचिव मनोज चौरसिया मुख्य रूप से शामिल थे.