गिरिडीह में महाराज जरासंध वार्षिक महोत्सव का हुआ आयोजन, निकाली गई भव्य शोभायात्रा
गिरिडीह। ऑल इंडिया चंद्रवंशी युवा संगठन की ओर से रविवार को गिरिडीह में महाराज जरासंध वार्षिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर चंद्रवंशी समाज की ओर से विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा की शुरुआत सर्कस मैदान से हुई, जो झंडा मैदान होते हुए जारासंध चौक पहुंची। वहां समाज के लोगों द्वारा महाराज जरासंध की प्रतिमा पर विधिवत माल्यार्पण किया गया। इसके बाद शोभायात्रा टावर चौक, कालीबाड़ी, मकतपुर, बजरंग चौक होते हुए बारमसिया स्थित सवेरा चित्र मंदिर पहुंची, जहां चंद्रवंशी मिलन समारोह सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पूरे मार्ग में शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल समाज के लोगों ने ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ आयोजन को भव्य रूप दिया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत और महाराज जरासंध के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश संयोजक अजीत कुमार पप्पू, प्रदेश अध्यक्ष भीम रवानी, नगर अध्यक्ष रूपेश चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राम सहित परदोंस चंद्रवंशी, अनिल राम एवं अशोक राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने सभी समाजबंधुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

