मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के बाद भव्य भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़
मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के बाद भव्य भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़
गिरिडीह शहर के बरगंडा स्थित प्राचीन विश्वनाथ मंदिर में शनिवार को मां दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के पश्चात भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर उम्र के श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए भक्ति भाव में डूबे नजर आए। मंदिर परिसर में सैकड़ों लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और मां दुर्गा के दरबार में मत्था टेका। इस आयोजन को लेकर पूरे इलाके में भक्तिभाव और उत्साह का अनोखा माहौल देखने को मिला।
भंडारे के आयोजन से पहले मां दुर्गा को चढ़ाए गए 18 माला की डाक भी लगाई गई। इस डाक में सबसे अधिक बोली लगाने वाले श्रद्धालुओं को मां दुर्गा को अर्पित माला प्रदान की गई। पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष दुर्गा विसर्जन के बाद यह भव्य भंडारा आयोजित किया जाता है। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस भंडारे के आयोजन से समाज में एकता और सहयोग की भावना का संचार होता है। समिति ने आगे बताया कि वर्षों से चली आ रही यह परंपरा भक्तों के बीच आस्था का केन्द्र बन चुकी है।
मौके पर अजय बगेड़िया, दिनेश खेतान, रवि राज, दीपक मोदी, अनिल मिश्रा, गोपाल संथालिया, लखी प्रसाद गोरीसरिया, प्रदीप अग्रवाल, नवीन सिन्हा, मनोज संघाई, बबलू भारतीया, गोपाल डोकानिया, महेश शर्मा, दीपक मोदी, पवन संघाई, प्रकाश साव समेत कई श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से आयोजन की सफलता के लिए समिति के सदस्यों की सराहना की और मां दुर्गा के समक्ष समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

