एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता शुरू

अंतिम क्षण में भी उम्मीद बनाए रखना अच्छे खिलाड़ी की पहचान – जिला शिक्षा पदाधिकारी, पलामू

एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में डी.ए.वी नेशनल स्पोर्ट्स की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता हुई शुरू।

25 जुलाई 2025 से डी.ए.वी नेशनल स्पोर्ट्स 2025 की दो दिवसीय संभाग स्तरीय प्रतियोगिता शुरू हो गई है। एम.के.डी.ए.वी पब्लिक स्कूल डालटेनगंज में तृतीय संभाग के कुल 10 विद्यालयों के छात्र भाग ले रहे हैं। इसमें कुल 265 छात्र (135 बालक एवं 130 बालिकाएं) भाग ले रही हैं । यह प्रतियोगिता 14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक- बालिकाओं के बीच संपन्न होगी। इसमें कुल 7 जिलों के 10 विद्यालयों के छात्र भाग ले रहे हैं । रांची से डी.ए.वी पब्लिक स्कूल हेहल, सिल्ली, खलारी , गढ़वा से डी.ए.वी पब्लिक स्कूल भवनाथपुर,गढ़वा, डी.ए.वी लातेहार, लोहरदगा, गुमला,सिमडेगा एवं डाल्टनगंज के छात्र सम्मिलित हैं। इस विद्यालय में कराटे,ताइक्वांडो, कुश्ती, बॉक्सिंग एवं भारोत्तोलन के प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 25 जुलाई 2025 को प्रातः एम.के.डी.ए.वी के प्रांगण में शुरू हुआ। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि एवं आगंतुक अतिथियों को तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि श्री सौरभ प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी पलामू ने आगंतुक अतिथियों के साथ वैदिक मंत्रोचार के बीच दीप प्रज्वलन किया । तत्पश्चात सभी अतिथियों ने खेल ध्वज फहराकर प्रतिभागियों के साथ डी.ए.वी गान गाया।

सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए मेजबान विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री आलोक कुमार ने कहा कि मुझे आशा ही नहीं वरन पूर्ण विश्वास है कि सभी प्रतिभागी अपने खेल प्रदर्शन में पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी का परिचय देंगे । मेरा मानना है कि खेल केवल आनंद के लिए नहीं बल्कि हमारे जीवन निर्माण, व्यक्तित्व विकास एवं भविष्य निर्माण का साधन भी है। इससे हमारे अंदर अनेक सद्गुणों, टीम भावना , नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का विकास भी होता है । उन्होंने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें डी.ए.वी का पूर्व छात्र बताया ।

इस अवसर पर उद्गार व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री सौरभ प्रकाश ने बताया कि आज मुझे मेरा बचपन याद आ गया। उन्होंने कहा कि हार में भी मनोबल बनाए रखना, अनुशासन का पालन करना , टीम भावना, मित्रता का भाव बनाए रखना हम खेल के माध्यम से ही सीख सकते हैं। इससे हमारा शारीरिक, मानसिक विकास होता है और हम सर्वांगीण विकास कर पाते हैं ।समारोह के अंत में अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा शांति पाठ के साथ समापन हुआ।

समाचार लिखे जाने तक कराटे 14 वर्ष आयु वर्ग ( बालक ) में आदित्य कान्त हेहल को स्वर्ण, अमन ओराव लोहरदगा को रजत तथा नवनीत भगत एवं प्रशांत कुमार महतो लोहरदगा को कांस्य पदक प्राप्त हुए।
बॉक्सिंग 14 वर्ष आयु वर्ग में
फायमा तहजीब बी.पी डी.ए.वी.गढ़वा को स्वर्ण ।
17 वर्ष आयु वर्ग में रिद्धिमा ओरांव को स्वर्ण, 70 किलो वर्ग में नित्या रागनी हेहल को स्वर्ण पदक प्राप्त हुए।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राएं अंशु, गीत शर्मा,सिमरन एवं प्राजंलि ने ” मुस्कुराई ये हवा, आपके स्वागत में” के बोल पर सुंदर स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। नम्रता दुबे ने सभी को खेल शपथ दिलाई ।

इस अवसर पर विद्यालय की स्थानीय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष श्री सतवीर सिंह राजा, सदस्य डॉक्टर जयकुमार, श्री गुरवीर सिंह , श्री संजीव श्रीवास्तव प्राचार्य डी.ए.वी. इंजीनियरिंग कॉलेज डाल्टनगंज, श्री सुजय कुमार मिश्रा प्राचार्य डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल सिमडेगा मुख्य रूप से उपस्थित थे। निर्णायक मंडली में श्री सुमित बर्मन , श्री विजय कुमार, श्री अमरनाथ, श्री विकास यादव ,श्री दीपक कुमार सिंह के साथ-साथ सभी विद्यालयों के खेल एवं आगंतुक शिक्षक उपस्थित थे।