राॅंची पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब से लदे एक 14 चक्का ट्रक को बेड़ो थाना क्षेत्र से जब्त किया है।
ट्रक से 831 कार्टून शराब बरामद हुआ है। राॅंची पुलिस ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों को गुप्त सूचना मिली कि UP63AT-6332 रजिस्ट्रेशन नंबर वाला एक 14 चक्का ट्रक गुमला से राॅंची की ओर NH-43 गुमला-राॅंची मेन रोड पर अवैध शराब लेकर आ रहा है। ट्रक को सशस्त्र बल की मदद से रोक लिया गया। ट्रक के चालक और खलासी से जब पूछा गया कि ट्रक में क्या है, तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की। बाद में जब चालक से ट्रक खोलकर सामान दिखाने को कहा गया, तो उसने बताया कि ट्रक में विदेशी शराब भरी हुई है, जिसे प्लास्टिक के बोरों में रुई से छिपाकर रखा गया है। चालक और खलासी से जब शराब से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। चालक ने अपना नाम अर्जुन सिंह उर्फ अर्जुन चौधरी और खलासी का नाम जगदीश कुमार बताया।

