सरईडीह डगरा के दलित बालिका सामूहिक दुष्कर्म कांड के सभी दोषियों को फांसी दिलाए सरकार: –झारखण्ड क्रांति मंच
सरईडीह डगरा के दलित बालिका सामूहिक दुष्कर्म कांड के सभी दोषियों को फांसी दिलाए सरकार: –झारखण्ड क्रांति मंच
14 अक्टूबर 2024(मेदिनीनगर)
झारखण्ड क्रांति मंच के संस्थापक सह केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने आज मेदिनीनगर के पटेल नगर स्थित आवास पर प्रेस बयान जारी कर कहा है कि नवरात्रि के अष्ठमी की रात्रि दुर्गापूजा से लौट रही दो नाबालिग दलित बालिकाओं के साथ सामूहिक व बर्बर दुष्कर्म कांड अत्यंत ही निंदनीय अमानवीय व लोमहर्षक घटना है,जिसके सभी दोषियों की पहचान कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से ट्रायल कर फांसी दिलाने के लिए हेमन्त सरकार को ठोस पहल करनी चाहिए।
जारी बयान में उन्होंने कहा है कि आजकल पूजा के नाम पर डीजे के कर्कश ध्वनि के बीच चरम अश्लील गीत,नृत्य व संगीत के साथ नारियों के प्रति कामुकता की चरम अभिव्यक्ति को परोसने का रिवाज संस्थागत रुप धारण कर चुका है। ऐसे में जातिवाद व लिंगभेद की भावना से ग्रसित अल्हड़,अराजक व यौन कुंठा से पीड़ित व दिग्भ्रमित दुष्कर्मी नर पिशाचों के लिए मौत की सजा मुकर्रर किया जाना जरूरी है।
बयान के अंत में उन्होंने दुष्कर्म पीड़िता दलित बालिकाओं को समुचित इलाज के साथ पोस्को एक्ट व सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं के तहत पर्याप्त मुआवजा व सुरक्षा देने की मांग किया है।यह अफसोस की बात है कि दलितों के लिए आरक्षित छत्तरपुर विधानसभा क्षेत्र में दलितों पर बढ़ते बेतहाशा विभत्स ब्लातकार व अत्याचार के बावजूद भी क्षेत्रीय विधायक श्रीमती पुष्पा देवी की चुप्पी जारी है,जो निंदनीय है।
